तेहरान। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच होर्मुज स्ट्रेट से बड़ी खबर सामने आई है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन तेल टैंकर नौसैनिक बारूदी सुरंगों (माइंस) की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना के बाद समुद्री क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ गई है।

अनधिकृत रास्ते से गुजरने का आरोप

IRGC के मुताबिक, तीन तेल टैंकर कथित तौर पर बिना अनुमति निर्धारित समुद्री मार्गों के बजाय अनधिकृत रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान वे समुद्र में बिछाई गई बारूदी सुरंगों की चपेट में आ गए। ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की नौसेना का दावा है कि तीसरा टैंकर होर्मुज स्ट्रेट के पूर्वी हिस्से में माइंस से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गया। जहाज में हुए विस्फोट के बाद आसमान में धुएं का गुबार फैल गया।

UAE की तेल कंपनी के जहाज पर भी हमला

इस बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की सरकारी तेल कंपनी ADNOC ने भी जानकारी दी है कि खाड़ी क्षेत्र में UAE के समुद्री इलाके के भीतर उसके एक जहाज पर हमला हुआ, जिससे उसे नुकसान पहुंचा है। हालांकि, इस घटना और ईरान द्वारा बताए गए तीन टैंकरों के बीच सीधा संबंध अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।

ब्रिटिश समुद्री एजेंसी ने भी दी घटना की जानकारी

ब्रिटिश समुद्री निगरानी एजेंसी UKMTO ने ओमान के तट के पास और होर्मुज स्ट्रेट के निकट एक तेल टैंकर पर किसी अज्ञात वस्तु से हमला होने की सूचना दी है। एजेंसी के मुताबिक, घटना की परिस्थितियों और हमले में इस्तेमाल की गई वस्तु को लेकर जांच की जा रही है।

दुनिया की तेल सप्लाई पर बढ़ सकता है असर

होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री तेल परिवहन मार्गों में शामिल है। यहां से बड़ी मात्रा में कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति होती है। ऐसे में इस क्षेत्र में जहाजों पर हमले और बारूदी सुरंगों की घटनाएं अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार और समुद्री व्यापार को प्रभावित कर सकती हैं।

फिलहाल घटनाओं के वास्तविक कारण, जहाजों को हुए नुकसान और उनके बीच आपसी संबंधों को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।