वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के दीक्षांत समारोह में गंगापुर परिसर के मेधावी छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए भारी संख्या में सम्मान और स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) हासिल किए हैं। ग्रामीण अंचल में स्थित होने के बावजूद गंगापुर परिसर के विद्यार्थियों ने विभिन्न संकायों में शीर्ष स्थान प्राप्त कर पूरे संस्थान का मान बढ़ाया है। अपनी व्यवस्थाओं और निरंतर विकास के लिए पहचाने जाने वाले इस परिसर के छात्रों का दीक्षांत समारोह में दबदबा रहा।

समारोह में सम्मानित होने वाले मेधावी छात्रों में राजनीति विज्ञान विषय में समरजीत सेठ ने प्रथम स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया, जबकि सुधांशु नागवंशी ने द्वितीय और अनुराधा यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। हिंदी विषय में बृजेश कुमार प्रजापति को प्रथम स्थान के साथ गोल्ड मेडल मिला और पिंकी तिवारी तृतीय स्थान पर रहीं। भूगोल विषय में रिया सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल जीता, वहीं आकांक्षा सिंह तृतीय स्थान पर रहीं।

ललित कला के क्षेत्र में मूर्तिकला से आदित्य ने प्रथम स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल झटका, तो व्यावहारिक कला में शिवांगी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। वाणिज्य वर्ग में एम.कॉम की छात्रा प्रिया जायसवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल जीता, जबकि स्माइली राय चौधरी द्वितीय और अपर्णा चौहान तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं अर्थशास्त्र विषय में शिवांगी पटेल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल अर्जित किया, मिथिलेश वर्मा ने द्वितीय और प्रकृत मिश्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

गंगापुर परिसर के छात्र अपनी लगन और मेहनत के बल पर लगातार सफलता के नए आयाम गढ़ रहे हैं। परिसर में पठन-पाठन और अन्य सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है, जिससे छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल रहा है और वे हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।