चंदौली। जिले के हिलौनी टड़िया गांव की रहने वाली 17 वर्षीय अलीशा खान पुत्री शाहिद खान ने NEET MBBS परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र और परिवार का नाम रोशन किया है। अलीशा ने प्रथम प्रयास में ही सफलता प्राप्त करते हुए 574 अंक हासिल किए और ऑल इंडिया रैंक प्राप्त की।
अलीशा इटावा जनपद में रहकर NEET की तैयारी कर रही थीं। सफलता के बाद बुधवार रात करीब 8 बजे जब वह ट्रेन से अपने गांव पहुंचीं तो परिवार और ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। परिजनों ने फूल-मालाएं पहनाकर और मिठाइयां खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। घर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
अलीशा के पिता शाहिद खान ने बताया कि बेटी ने कठिन मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। परिवार में बड़ा भाई एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है और छोटी बहन भी पढ़ाई कर रही है। पूरे परिवार ने अलीशा की सफलता को अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि बताया।
अलीशा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, विशेष रूप से अपनी मां शबनम खान को दिया। उन्होंने कहा, "मेरी कामयाबी के पीछे मेरे परिवार का पूरा सहयोग है। मेरी मां ने मुझे हमेशा पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया और पूरी आजादी दी। उनके विश्वास और समर्थन की वजह से मैं आज इस मुकाम तक पहुंच सकी।"
अलीशा की सफलता से उनके नाना मुहम्मद निजाम साथ ही उसके दादा तौहीद खान, जो भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं, बेहद भावुक और गौरवान्वित नजर आए। वहीं उनके चाचा रिंकू खान और दानिश खान सहित पूरे परिवार ने खुशी मनाते हुए बेटी की इस उपलब्धि का जश्न मनाया।
हिलौनी टड़िया गांव की बेटी की इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने अलीशा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
Comments (0)