चंदौली। चंदौली पुलिस ने नवीन मंडी परिसर के पास से 25 हजार लीटर हाई स्पीड डीजल से भरा टैंकर पकड़ा है। मामले में टैंकर चालक अवधेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, छह अन्य नामजद आरोपितों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, सात अक्तूबर को मुखबिर की सूचना पर थाना चंदौली पुलिस ने एनएच-2 हाईवे स्थित नवीन मंडी के पास टैंकर संख्या MH 43 AF 3359 को कब्जे में लिया। जांच में डीजल के परिवहन के लिए कूटरचित बिल्टी, इनवॉइस और ई-वे बिल का इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया।
मामले की विस्तृत जांच के दौरान मेसर्स आइडियल सर्विस सेंटर पेट्रोल पंप के स्टॉक और बिक्री रजिस्टर में 13,986 लीटर डीजल का अंतर पाया गया। अभिलेखों में गंभीर अनियमितता मिलने के बाद जिलाधिकारी के आदेश पर थाना चंदौली में मुकदमा अपराध संख्या 493/2026 के तहत आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 में सात नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
गिरफ्तार चालक अवधेश कुमार प्रयागराज जिले के मऊआइमा थाना क्षेत्र के देवगलपुर गांव का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक चंदौली, चौकी प्रभारी हाईवे मंडी उपनिरीक्षक मार्कण्डेय सिंह समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Comments (0)