चन्दौली। चहनिया में मारपीट और लूट के चर्चित मामले में वादी को आतंकित कर मुकदमा वापस लेने की साजिश बलुआ पुलिस ने नाकाम कर दी। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, लूटी गई सोने की चेन, चार मोबाइल फोन और सात हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी क्षेत्र में दहशत फैलाकर वादी पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाना चाहते थे।
पुलिस के अनुसार, पपौरा गांव निवासी राहुल कुमार सोनी उर्फ राहुल सेठ ने 21 जून को थाना बलुआ में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि चहनिया स्थित एक मैरेज लॉन में बकाया रकम देने के बहाने बुलाकर नन्दकिशोर सिंह और उसके साथियों ने उनके साथ मारपीट की, गले से सोने की चेन छीन ली और जान से मारने की धमकी दी।
इसी मुकदमे के बाद आरोपी लगातार वादी पर दबाव बनाने की कोशिश में थे। शुक्रवार सुबह चहनिया चौराहे पर उन्होंने एक पिकअप चालक के साथ मारपीट कर खुलेआम पिस्टल लहराई, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही बलुआ पुलिस सक्रिय हुई औ मोहरगंज के पास घेराबंदी कर दो बुलेट मोटरसाइकिलों पर सवार शिवपाल सिंह, नन्दकिशोर सिंह और सुधांशु सिंह उर्फ छोटू को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनका मकसद अपनी दबंगई दिखाना और पहले से दर्ज मुकदमे के वादी राहुल कुमार सोनी को अप्रत्यक्ष रूप से डराकर मुकदमा वापस लेने के लिए मजबूर करना था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी की आशंका होने पर आरोपियों ने रास्ते में झाड़ियों में अवैध पिस्टल और लूटी गई सोने की चेन छिपा दी थी, जिसे नन्दकिशोर सिंह की निशानदेही पर बरामद कर लिया गया।
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार तीनों आरोपी धानापुर थाना क्षेत्र के हिंगुत्तरगढ़ गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Comments (0)