चंदौली जनपद की अलीनगर थाना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त कार्रवाई में 7.424 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद गांजा जब्त कर उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस ने आरपीएफ से प्राप्त सूचना के आधार पर डीएफसीसीआईएल रेलवे लाइन के पास छापेमारी की। इस दौरान एक युवक को हैंडबैग और पिट्ठू बैग में 7.424 किलोग्राम अवैध गांजा ले जाते हुए गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सकलडीहा थाना क्षेत्र के खड़ेहरा गांव निवासी 28 वर्षीय उत्सव सिंह पुत्र रवीन्द्र प्रताप सिंह के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह बिहार से गांजा लाकर छोटे-छोटे पैकेट बनाकर स्थानीय स्तर पर बेचता था, जिससे उसे अच्छा मुनाफा होता था।

बरामदगी के आधार पर अलीनगर थाने में मुकदमा संख्या 469/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया।

कार्रवाई में शामिल टीम: प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक पंकज सिंह (चौकी प्रभारी ताराजीवनपुर), उपनिरीक्षक अमित सिंह (चौकी प्रभारी भूपौली) तथा आरपीएफ की ओर से एसआई संतोष कुमार (सीआईबी/डीडीयू), उपनिरीक्षक जावेद इकबाल (आरपीएफ पोस्ट मानसनगर), सहायक उपनिरीक्षक सतीश कुमार सिंह और मुख्य आरक्षी विनोद कुमार यादव शामिल रहे।