चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के सकलडीहा तिराहा स्थित आयुष अस्पताल के पास शव रखकर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 23 नामजद समेत करीब 110 से 115 अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर की शाम करीब छह बजे आयुष अस्पताल, आलूमिल के पास कुछ लोगों ने शव रखकर मुगलसराय से चकिया जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग को बांस-बल्ली लगाकर पूरी तरह जाम कर दिया था। सड़क जाम होने से मरीजों की एंबुलेंस समेत आम राहगीर फंस गए और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
सूचना पर अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, मृतक पुनवासी चौहान निवासी वार्ड नंबर-3 अलीनगर के परिजनों के साथ करीब 130 से 140 लोग सड़क की दोनों लेनों पर जमा होकर नारेबाजी कर रहे थे। पुलिस ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति बिगड़ने लगी।
इसके बाद उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर मौके पर पहुंचे और काफी देर तक लोगों को समझाने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम से मुक्त कराया गया।
मामले में उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव की तहरीर पर अलीनगर थाने में मु0अ0सं0 0618/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने धारा 285, 126(2), 189(2) बीएनएस एवं 7 आपराधिक कानून (संशोधन) अधिनियम 1932 के तहत कार्रवाई की है।
मुकदमे में राहुल चौहान, राहुल, जय सिंह, भदई चौहान, गुलाब पटेल, मो. मुस्ताक कुरैशी उर्फ मुमताज कुरैशी, राजकुमार, बब्लू यादव, कान्ता पासवान, बंसनारायण चौहान, अजीत पासवान, विकास, अजय चौहान, वीरेन्द्र आर्या, संदीप, निखिल, गोलू, राहुल, सनी, आकाश, लकी, जानू और विक्की को नामजद किया गया है।
इसके अलावा करीब 110 से 115 अन्य अज्ञात महिला एवं पुरुषों को भी मुकदमे में शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है।
Comments (0)