चंदौली। जिले के हिलौनी टड़िया गांव की बेटी अलीशा खान द्वारा NEET MBBS परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करने पर कांग्रेस नेताओं ने उनके आवास पहुंचकर सम्मानित किया। कांग्रेस पदाधिकारियों ने अलीशा को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं माला पहनाकर शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य अकील अहमद बाबू ने कहा कि जैसे ही अलीशा खान के NEET MBBS में सफल होने की सूचना मिली, कांग्रेसजनों में खुशी की लहर दौड़ गई। उन्होंने कहा कि अलीशा ने अपने परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे चंदौली जनपद का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता अन्य बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

अल्पसंख्यक कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष शाहिद तौसीफ ने कहा कि अलीशा खान द्वारा NEET MBBS क्वालिफाई करने की खबर पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों में चंदौली की बेटियों ने सीए, पीसीएस तथा अन्य प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है। अलीशा की उपलब्धि उसी कड़ी का एक और गौरवपूर्ण अध्याय है।

जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष दया राम पटेल ने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में बेटों से आगे बढ़ रही हैं। उनकी सफलता समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश देती है और अभिभावकों को अपनी बेटियों की शिक्षा के प्रति जागरूक होने की प्रेरणा देती है।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने भी अलीशा खान के घर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया और कहा कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर अलीशा ने जो मुकाम हासिल किया है, वह पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा शिक्षा और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध रही है।

इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने अलीशा खान के माता-पिता एवं परिजनों को भी बधाई दी और कहा कि ऐसे संस्कार एवं सहयोग ही बच्चों को बड़ी सफलता तक पहुंचाते हैं। पूरे गांव में इस सम्मान समारोह को लेकर उत्साह का माहौल रहा और लोगों ने अलीशा को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पूर्व सभासद दीपमाला गुप्ता, शाकिर अंसारी मोहम्मद साहिल मोहम्मद सुलेमान, मोहम्मद दानिश, अतहर खान आदि प्रमुख लोग उपस्थित रहे