मुगलसराय (चंदौली)। दुलहीपुर चौकी प्रभारी समेत पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में मुगलसराय पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 

मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल दो सगे भाइयों प्रिंस सोनकर उर्फ विराट सोनकर और अमरजीत सोनकर उर्फ छोटू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

घटना के बाद थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए स्वयं पूरे अभियान की कमान संभाली

उनके निर्देशन में कई पुलिस टीमों का गठन किया गया और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई। 

साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों की तलाश तेज कराई गई, जिससे पुलिस लगातार उनके करीब पहुंचती गई।

लगातार बढ़ते पुलिस दबाव और सघन तलाश अभियान के चलते आखिरकार दोनों वांछित आरोपी पुलिस के शिकंजे में आ गए। 

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह गिरफ्तारी मुगलसराय पुलिस की प्रभावी रणनीति, लगातार मेहनत और त्वरित कार्रवाई का परिणाम है।

गौरतलब है कि सावन माह के दौरान मीट एवं मुर्गा दुकानों पर प्रशासनिक आदेश के तहत नोटिस तामील कराने गई पुलिस टीम पर आरोपियों ने हमला कर दिया था। 

इस हमले में दुलहीपुर चौकी प्रभारी संजय कुमार सिंह घायल हो गए थे। 

वहीं एक सिपाही का गला दबाने, वर्दी फाड़ने तथा सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिसकर्मियों से मारपीट करने का भी आरोप है।

थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। 

पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी*।

फिलहाल दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है