चंदौली।राजनरायन सिंह जय हिंद इंटर कॉलेज सलेमपुर में ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में सकलडीहा पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की मिक्सर मशीन, लाउड स्पीकर, स्टील के बर्तन, बिजली का बोर्ड और 50 मीटर केबल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 2/3 अक्टूबर की रात अज्ञात चोरों ने स्कूल का ताला तोड़कर सामान चोरी कर लिया था। परिचारक हवलदार कुमार की तहरीर पर सकलडीहा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने मंगलवार की रात करीब 9:44 बजे सलेमपुर नहर मोड़ मुख्य सड़क के पास से सतीश राजभर उर्फ चिल्लर निवासी सलेमपुर सिवाने, थाना बलुआ और संदीप राय निवासी सलेमपुर सिवाने, थाना बलुआ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने स्कूल में चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक सतीश राजभर के खिलाफ वर्ष 2024 में बलुआ और सकलडीहा थाने में चोरी के मामले दर्ज हैं और वह जेल भी जा चुका है।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी कर अग्रिम विधिक कार्यवाई की जा रही है। गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद, उपनिरीक्षक अजय कुमार शर्मा, हेड कांस्टेबल अवधेश प्रसाद, कांस्टेबल अभिषेक सिंह और देवेंद्र मौर्य शामिल रहे।
Comments (0)