चंदौली। जनपद के चकिया और नौगढ़ वन क्षेत्र में गुरुवार को वन विभाग ने दो मादा तेंदुओं को सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ा। दोनों तेंदुओं को मुरादाबाद से रेस्क्यू कर चंदौली के वन क्षेत्र में लाया गया था। वन विभाग की निगरानी में उन्हें उपयुक्त प्राकृतिक आवास में रिलीज किया गया।

बताया गया कि इस वर्ष अब तक करीब आधा दर्जन तेंदुओं को चंदौली के जंगल क्षेत्र में छोड़ा जा चुका है। तेंदुओं की मौजूदगी से वन क्षेत्र की जैव विविधता और प्राकृतिक आहार श्रृंखला को मजबूती मिलने की उम्मीद है। तेंदुआ पारिस्थितिकी तंत्र में एक महत्वपूर्ण शिकारी की भूमिका निभाता है। इसकी मौजूदगी से जंगली सूअर, नीलगाय, बंदर और अन्य वन्यजीवों की संख्या पर प्राकृतिक नियंत्रण बना रहता है, जिससे जंगल में प्रजातियों के बीच संतुलन कायम रखने में मदद मिलती है।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जंगल में तेंदुओं को उनके अनुकूल प्राकृतिक वातावरण मिलने से वे अपनी स्वाभाविक गतिविधियों के साथ रह सकेंगे। इससे वन क्षेत्र की खाद्य श्रृंखला और पारिस्थितिक संतुलन को सकारात्मक प्रभाव मिलने की संभावना है। साथ ही, तेंदुओं की आबादी के प्राकृतिक विस्तार में भी यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

तेंदुओं को जंगल में रिलीज किए जाने के दौरान वन विभाग के एसडीओ वरुण कुमार सिंह, चकिया वन क्षेत्राधिकारी सहित अन्य वनकर्मी मौजूद रहे। वन विभाग की टीम ने पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा और निगरानी के इंतजाम किए।