प्रयागराज, 22 सितंबर 2026। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को संगम सभागार में जिला सलाहकार समिति, मेरा युवा भारत, प्रयागराज की द्वितीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य मौजूद रहे। बैठक में मेरा युवा भारत के वित्तीय वर्ष 2026-27 में संचालित कार्यक्रमों और आगामी कार्ययोजना की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान उप निदेशक, जिला सलाहकार समिति, मेरा युवा भारत, प्रयागराज जागृति पाण्डेय ने अब तक आयोजित किए गए कार्यक्रमों, वर्तमान में संचालित गतिविधियों तथा आगामी योजनाओं की जानकारी समिति के समक्ष प्रस्तुत की। उन्होंने युवाओं को विभिन्न गतिविधियों से जोड़ने तथा युवा केंद्रित कार्यक्रमों के माध्यम से उनकी सहभागिता बढ़ाने के संबंध में भी जानकारी दी।

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने संबंधित विभागों को सेवा-संकल्प अभियान के अंतर्गत व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान में अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि युवाओं को सामाजिक सरोकारों और जनहित से जुड़े कार्यों से जोड़ा जा सके।

उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों में VBYLD-2027 क्विज का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि विद्यालयों एवं महाविद्यालयों तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाकर अधिकतम युवाओं को इसमें भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।

बैठक में मेरा युवा भारत के पंजीकरण अभियान को गति देने पर भी विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही युवा कनेक्ट, सेवा पखवाड़ा, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों, युवा संसद और अनुभवात्मक अधिगम कार्यक्रमों सहित अन्य युवा-केंद्रित गतिविधियों के प्रभावी संचालन को लेकर चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि युवाओं के लिए संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन तभी संभव है, जब संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने तथा समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में आगामी कार्ययोजना के तहत विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा करने तथा युवाओं तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कार्यक्रमों के आयोजन में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा किया जाए।