नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो के दो स्टेशनों पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखने के मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने जहांगीरपुरी और शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन पर प्रतिबंधित संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) और खालिस्तान के समर्थन में नारे लिखे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के पानीपत निवासी सुमीत उर्फ रफ्तार (30), पंजाब के गुरदासपुर निवासी सुमित कुमार उर्फ काका (22) और होशियारपुर निवासी गुरप्रीत (22) के रूप में हुई है।
दो मेट्रो स्टेशनों पर लिखे गए थे नारे
पुलिस के मुताबिक, 29 अक्टूबर 2026 को जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास फर्श पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखे मिले थे। इसके अगले दिन यानी 30 अक्टूबर को शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-2 की सीढ़ियों की अंदरूनी दीवार पर भी इसी तरह के नारे दिखाई दिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल सेल की नॉर्दर्न रेंज ने जांच शुरू की।
CCTV और तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने दोनों मेट्रो स्टेशनों के CCTV फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद सबसे पहले सुमीत उर्फ रफ्तार को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान पंजाब के दो अन्य आरोपियों सुमित कुमार उर्फ काका और गुरप्रीत की भूमिका सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में तीनों आरोपियों ने दोनों मेट्रो स्टेशनों पर नारे लिखने की बात स्वीकार की है।
हैंडलर्स और नेटवर्क की तलाश में स्पेशल सेल
पुलिस अब इस मामले में आरोपियों के कथित हैंडलर्स और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपियों को यह काम करने के निर्देश किसने दिए थे और इसके पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।
Comments (0)