श्रीगंगानगर। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में सोशल मीडिया के जरिए कथित देशविरोधी नेटवर्क तैयार करने की कोशिश का मामला सामने आया है। पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी के संपर्क में जिले के तीन नाबालिगों के होने की जानकारी मिलने के बाद रायसिंहनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस की प्रारंभिक रिपोर्ट में आशंका जताई गई है कि सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से स्थानीय युवाओं को अपने नेटवर्क से जोड़कर स्लीपर सेल तैयार करने की कोशिश की जा रही थी।

आसूचना अधिकारी से मिली जानकारी

पुलिस को इस मामले की जानकारी आसूचना अधिकारी के माध्यम से मिली। सूचना के अनुसार, जिले के तीन नाबालिग युवक कथित तौर पर पाकिस्तान में बैठे हैंडलर शहजाद भट्टी के संपर्क में थे। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया और मैसेजिंग एप के जरिए उनके बीच संपर्क बना हुआ था।

मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया संपर्कों की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल नंबरों, टेलीग्राम और सिग्नल आईडी सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हुए संपर्कों की कड़ियां खंगाल रही है।

जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि नाबालिगों से संपर्क करने के पीछे किन लोगों की भूमिका थी और क्या इस कथित नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं। हालांकि, पूरे मामले की वास्तविक स्थिति विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।