नई दिल्ली। देशभर में दिवाली के बाद आगजनी और प्रदूषण की घटनाओं के बीच कई महत्वपूर्ण खबरें सामने आई हैं। महाराष्ट्र के ठाणे में 17 मंजिला इमारत में भीषण आग लगने के बाद जिला प्रशासन ने रॉकेट और हवा में आतिशबाजी करने वाले पटाखों पर प्रतिबंध लगा दिया है। वहीं दिल्ली में प्रदूषण और धुंध के कारण दृश्यता प्रभावित हो रही है। दूसरी ओर यमन में फंसे 19 भारतीय नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
ठाणे में भीषण अग्निकांड के बाद रॉकेट पटाखों पर रोक
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के वागले एस्टेट स्थित रहेजा गार्डन परिसर की 17 मंजिला कार्लाइल इमारत में रविवार रात करीब 8:30 बजे भीषण आग लग गई। आग आठवीं मंजिल पर शुरू हुई और देखते ही देखते 14वीं मंजिल तक फैल गई। आग बुझाने के लिए ठाणे और मुंबई अग्निशमन विभाग की 10 से 15 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
घटना के बाद ठाणे के जिलाधिकारी श्रीकृष्ण पांचाल ने जिले में रॉकेट और हवा में आतिशबाजी करने वाले पटाखों पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। साथ ही अन्य पटाखे केवल खुले मैदानों में ही फोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
दिल्ली में धुंध और प्रदूषण का डबल अटैक
दिवाली पर हुई भारी आतिशबाजी के बाद राजधानी दिल्ली में धुएं और धुंध की मोटी परत छाई हुई है। सोमवार सुबह से ही कई इलाकों में दृश्यता कम हो गई। बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार, दिल्ली की हवा गंभीर श्रेणी में पहुंच सकती है और अगले कुछ दिनों तक स्थिति खराब बनी रहने की आशंका है।
यमन से 19 भारतीय नाविक सुरक्षित निकाले गए
यमन के हुदैदाह और सना में पिछले दो सप्ताह से फंसे 19 भारतीय नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। भारतीय दूतावास ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि सभी नाविक सुरक्षित और स्वस्थ हैं तथा भारत लौट रहे हैं।
दूतावास ने नाविकों को सुरक्षित निकालने में सहयोग करने वाले सभी संबंधित लोगों का आभार जताया है। इससे पहले भारत ने बताया था कि यमनी तट के पास एक नौका पर सवार 14 भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि वे 14 लोग सुरक्षित निकाले गए 19 नाविकों में शामिल हैं या नहीं।
आज के अन्य प्रमुख कार्यक्रम
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को अपने लोकसभा क्षेत्र गांधीनगर में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज लखनऊ के गोमती तट पर 14 दिवसीय उत्तराखंड महोत्सव का उद्घाटन करेंगे।
Comments (0)