ऑकलैंड। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला ऑकलैंड में खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। मुकाबले से पहले ऑकलैंड में हल्की बूंदाबांदी के कारण टॉस में करीब 20 मिनट की देरी हुई। हालांकि, बाद में मौसम साफ होने और धूप निकलने के बाद मैदान से कवर हटा दिए गए।
भारतीय समयानुसार टॉस सुबह 7:20 बजे हुआ, जबकि मैच सुबह 7:40 बजे शुरू होने का कार्यक्रम है। भारतीय टीम ने अपनी प्लेइंग इलेवन में चार तेज गेंदबाजों और दो ऑलराउंडरों को मौका दिया है।
भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन
रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, अक्षर पटेल, नमन धीर, अंशुल कंबोज, गुरनूर बराड़, अर्शदीप सिंह और आकिब नबी।
न्यूजीलैंड में भारत के वनडे सफर के 50 साल पूरे
इस मुकाबले के साथ न्यूजीलैंड में भारतीय टीम की पहली वनडे सीरीज खेलने के 50 साल पूरे हो गए हैं। भारत ने साल 1976 में एस. वेंकटराघवन की कप्तानी में न्यूजीलैंड में अपनी पहली वनडे सीरीज खेली थी।
न्यूजीलैंड में भारत का वनडे सीरीज रिकॉर्ड
टीम इंडिया इस बार न्यूजीलैंड में अपनी 11वीं वनडे सीरीज खेल रही है। इससे पहले खेली गई 10 सीरीज में भारत ने दो सीरीज जीतीं, दो ड्रॉ रहीं, जबकि छह में उसे हार का सामना करना पड़ा।
भारत ने न्यूजीलैंड की धरती पर पहली वनडे सीरीज 2009 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में जीती थी। इसके बाद 2019 में विराट कोहली की कप्तानी में भारतीय टीम ने दूसरी बार न्यूजीलैंड में वनडे सीरीज अपने नाम की थी।
अब शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम की नजर न्यूजीलैंड में तीसरी वनडे सीरीज जीतने पर होगी।
Comments (0)