नई दिल्ली। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने एक बार फिर एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति का खिताब अपने नाम कर लिया है। उन्होंने चीन की दिग्गज टेक कंपनी बाइटडांस के सह-संस्थापक झांग यिमिंग को पीछे छोड़ दिया है। फोर्ब्स की रियल-टाइम बिलियनेयर्स सूची के मुताबिक, मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति बढ़कर 88.8 अरब डॉलर हो गई है। इसके साथ ही वह दुनिया के अमीरों की सूची में 22वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
फोर्ब्स के आंकड़ों के अनुसार, अंबानी की संपत्ति में 10.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं, चीन के झांग यिमिंग 84 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 25वें स्थान पर खिसक गए हैं। दूसरी ओर, अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी 80.1 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ 26वें स्थान पर हैं।
रिलायंस के शेयरों में तेजी से बढ़ी संपत्ति
मुकेश अंबानी की संपत्ति में इस उछाल की सबसे बड़ी वजह रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में आई तेजी रही। सोमवार को कंपनी के शेयरों में करीब 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके चलते कंपनी के बाजार पूंजीकरण में 19 अरब डॉलर से अधिक का इजाफा हुआ। शेयरों की कीमत बढ़ने का सीधा फायदा अंबानी की कुल संपत्ति पर पड़ा।
तिमाही नतीजों ने बाजार में बढ़ाया भरोसा
रिलायंस इंडस्ट्रीज के जुलाई-सितंबर तिमाही के शानदार वित्तीय नतीजों के बाद कंपनी के शेयरों में तेजी देखने को मिली। कंपनी ने इस तिमाही में अब तक का अपना मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया। ऑयल-टू-केमिकल्स (O2C), डिजिटल सेवाओं और रिटेल कारोबार में वृद्धि ने कंपनी की कमाई को नई ऊंचाई दी।
कंपनी के कंसोलिडेटेड रेवेन्यू में सालाना आधार पर 28 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और यह रिकॉर्ड 3.62 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं, EBITDA 24 प्रतिशत बढ़कर 62,409 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का शुद्ध मुनाफा भी 34 प्रतिशत उछलकर 29,550 करोड़ रुपये हो गया।
एशिया के अमीरों में फिर शीर्ष पर अंबानी
रिलायंस के शेयरों में आई तेजी और कंपनी के बेहतर वित्तीय प्रदर्शन ने मुकेश अंबानी को एशिया के सबसे अमीर कारोबारी की सूची में फिर शीर्ष पर पहुंचा दिया है। झांग यिमिंग और गौतम अडानी को पीछे छोड़ते हुए अंबानी ने वैश्विक अरबपतियों की सूची में भी अपनी स्थिति मजबूत की है।
Comments (0)