मैट हेनरी हुए फिट, दूसरे वनडे में कर सकते हैं वापसी; कॉनवे की जगह निक कैली को टीम में मिली जगह

नई दिल्ली। भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में पहला मुकाबला गंवाने के बाद न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को एक और बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार सलामी बल्लेबाज डेवन कॉनवे चोट के कारण पूरी वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। उन्हें यह चोट मैच से पहले अभ्यास सत्र के दौरान लगी थी। कॉनवे के बाहर होने से न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी को बड़ा नुकसान पहुंचा है।

प्रैक्टिस के दौरान मैट हेनरी से टकराए कॉनवे

दरअसल, ऑकलैंड में खेले गए पहले वनडे मुकाबले से एक दिन पहले अभ्यास सत्र के दौरान फील्डिंग करते समय डेवन कॉनवे की तेज गेंदबाज मैट हेनरी से टक्कर हो गई थी। इस घटना में दोनों खिलाड़ियों को सिर में चोट लगी थी, जिसके चलते वे पहले वनडे में नहीं खेल सके थे।

शुरुआती तौर पर कॉनवे के जल्द फिट होने की उम्मीद थी, लेकिन कनकशन की समस्या के चलते उन्हें अब पूरी सीरीज से बाहर होना पड़ा है। यह न्यूजीलैंड के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि कॉनवे टीम के प्रमुख ओपनिंग बल्लेबाजों में शामिल हैं।

निक कैली को मिला टीम में मौका

डेवन कॉनवे की जगह न्यूजीलैंड ने बाएं हाथ के बल्लेबाज निक कैली को टीम में शामिल किया है। पहले उन्हें चौथे और पांचवें वनडे के लिए चुना गया था, लेकिन अब वह दूसरे वनडे से ही टीम के साथ जुड़ जाएंगे।

33 वर्षीय निक कैली न्यूजीलैंड की ओर से अब तक 8 वनडे मुकाबले खेल चुके हैं। उन्होंने 33 की औसत से 265 रन बनाए हैं, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं। अब उनके पास भारतीय टीम के खिलाफ अपनी उपयोगिता साबित करने का मौका होगा।

मैट हेनरी की वापसी से न्यूजीलैंड को राहत

एक तरफ जहां डेवन कॉनवे के बाहर होने से न्यूजीलैंड को निराशा मिली है, वहीं दूसरी ओर तेज गेंदबाज मैट हेनरी के फिट होने से टीम को राहत मिली है। न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक, हेनरी कनकशन से पूरी तरह उबर चुके हैं और खेलने के लिए तैयार हैं।

ऐसे में वह दूसरे वनडे मुकाबले में प्लेइंग इलेवन में वापसी कर सकते हैं। भारत के खिलाफ हेनरी का प्रदर्शन अच्छा रहा है और उनकी वापसी से न्यूजीलैंड की गेंदबाजी मजबूत होने की उम्मीद है।

अब देखना होगा कि कॉनवे की गैरमौजूदगी में न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों का सामना कैसे करती है और निक कैली इस मौके का कितना फायदा उठा पाते हैं।