मुरादाबाद। दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर बुधवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यात्रियों से भरी एक एसी रोडवेज बस के पिछले टायर में अचानक जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते बस में आग लग गई। आग ने बस के पिछले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। बस में 55 यात्री सवार थे। हालांकि, चालक की सूझबूझ और तत्परता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
दलपतपुर ओवरब्रिज के पास हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, घटना बुधवार रात करीब 8:30 बजे मुरादाबाद के मुंडापांडे थाना क्षेत्र में दलपतपुर ओवरब्रिज के पास हुई। बरेली डिपो की एसी रोडवेज बस दिल्ली से यात्रियों को लेकर बरेली जा रही थी। इसी दौरान अचानक बस के पिछले हिस्से से तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। बताया जा रहा है कि बस का पिछला टायर फटने के बाद उसमें आग लग गई।
धुएं से बस में मची अफरा-तफरी
टायर फटने के बाद निकली चिंगारी और संभावित शॉर्ट सर्किट के कारण आग तेजी से फैलने लगी। कुछ ही देर में बस का पिछला हिस्सा आग और धुएं से घिर गया। बस के अंदर धुआं भरने से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। अपनी जान बचाने के लिए यात्री जल्दबाजी में बस से बाहर निकलने लगे। इस दौरान यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
चालक की सूझबूझ से बची 55 यात्रियों की जान
बस चालक ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। उसकी तत्परता के चलते बस में सवार सभी 55 यात्री सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 40 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दूसरी बसों से यात्रियों को भेजा गया बरेली
हादसे के बाद यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, प्रशासन और परिवहन विभाग की मदद से दूसरी बसों की व्यवस्था की गई। इसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बरेली रवाना किया गया।
इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। समय रहते यात्रियों को बाहर निकाल लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।
Comments (0)