नई दिल्ली। नवंबर का पहला सप्ताह चल रहा है, लेकिन देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश के आसार हैं, जबकि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो गया है। दक्षिण भारत के राज्यों में भी बारिश का सिलसिला जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 5 नवंबर के लिए कई राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया है।

दिल्ली में सुबह हल्का कोहरा, तापमान में आएगी गिरावट

मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी दिल्ली में आज सुबह हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। फिलहाल 10 नवंबर तक दिल्ली में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। हालांकि, सुबह और रात के समय ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ सकता है।

उत्तर प्रदेश से बिहार और बंगाल तक बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 5 नवंबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इनमें गाजियाबाद, मुरादाबाद, मेरठ, आगरा, मथुरा, रायबरेली, मिर्जापुर, सोनभद्र, फतेहपुर और कानपुर समेत कई इलाके शामिल हैं।

बिहार में भी मौसम बदलने के आसार हैं। राज्य के कई जिलों में मध्यम बारिश के साथ आंधी चलने का अलर्ट है। वहीं झारखंड के विभिन्न हिस्सों में बादल बरस सकते हैं। पश्चिम बंगाल में भी तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है।

राजस्थान, मध्य प्रदेश और पंजाब में भी बदलेगा मौसम

पंजाब के कई इलाकों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। राजस्थान में भी मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। भरतपुर, बाड़मेर, बीकानेर, जयपुर, कोटा और उदयपुर समेत कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा चूरू, अजमेर, जैसलमेर, जालौर और भीलवाड़ा में भी बादल बरस सकते हैं।

मध्य प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है। छत्तीसगढ़ में भी मौसम विभाग ने बारिश की संभावना जताई है।

पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और कड़ाके की ठंड

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने से ठंड बढ़ने लगी है। वहीं उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे पहुंचने लगा है। कई इलाकों में रात के समय पारा माइनस में दर्ज किया जा रहा है। इससे पहाड़ी क्षेत्रों में ठिठुरन बढ़ गई है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट

दक्षिण भारत के कई राज्यों में नवंबर के पहले सप्ताह में भी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

मौसम में हो रहे इस बदलाव को देखते हुए लोगों को सलाह दी गई है कि आंधी-तूफान और बारिश के दौरान सतर्क रहें। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोग बर्फबारी और फिसलन को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतें।