विशाखापत्तनम। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) की रिफाइनरी में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने के दौरान प्लांट में तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आसमान में आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का विशाल गुबार उठता दिखाई दिया। घटना के बाद आसपास की रिहायशी बस्तियों में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है।
रिफाइनरी के पिच टावर में लगी आग
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग रिफाइनरी की नवनिर्मित रेजिड्यू अपग्रेडेशन फैसिलिटी (RUF) के पिच टावर यानी सल्फर पिच टैंक में लगी थी। यह यूनिट भारी वैक्यूम रेजिड्यू ऑयल को प्रोसेस करके डीजल और पेट्रोल जैसे स्वच्छ ईंधनों के उत्पादन में मदद करती है।
आग लगने के कुछ ही देर बाद प्लांट परिसर से धुएं का घना गुबार उठने लगा। आग की लपटें काफी ऊंचाई तक दिखाई देने लगीं, जिससे आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
तेज धमाके की आवाज से मचा हड़कंप
मल्कापुरम पुलिस और स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के दौरान प्लांट के भीतर अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। इसके बाद आग की लपटें और काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और संबंधित अधिकारी सक्रिय हो गए।
पुलिस कमिश्नर ने दी राहत की जानकारी
विशाखापत्तनम के पुलिस कमिश्नर शंखब्रत बागची ने बताया कि आग पूरी तरह से संबंधित टैंक तक सीमित रही। इससे रिफाइनरी के अन्य हिस्सों में आग फैलने का बड़ा खतरा नहीं पैदा हुआ।
प्रशासन के अनुसार, घटना के दौरान उठने वाला धुआं भी हानिकारक नहीं था। हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
आसपास की बस्तियों में लोगों में दहशत
धमाके और आग की ऊंची लपटों के कारण रिफाइनरी के आसपास स्थित रिहायशी इलाकों में कुछ समय के लिए डर का माहौल बन गया। लोग घरों से बाहर निकलकर घटना की जानकारी लेने लगे। हालांकि, आग एक ही टैंक तक सीमित रहने और किसी के हताहत नहीं होने से प्रशासन ने राहत की सांस ली।
Comments (0)