वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं जिला सहकारी फेडरेशन के सभापति राकेश सिंह अलगू ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सर्वे में सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री चुने जाने पर हार्दिक बधाई दी है। अलगू सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आदर्श, मर्यादा और तपस्वी सदृश जीवन हनुमान चालीसा की चौपाई “सब पर राम तपस्वी राजा” को पूरी तरह चरितार्थ करता है। उन्होंने कहा कि आज से नौ साल पहले किसी ने यह कल्पना भी नहीं की थी कि एक भगवाधारी संत भारतवर्ष के सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री का दर्जा हासिल कर लेंगे। उल्लेखनीय है कि फेम इंडिया एशिया पोस्ट सर्वे 2026 में योगी आदित्यनाथ को देश का सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री चुना गया है। 

उन्हें कुल 1000 में से 897 अंक मिले हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दूसरे तथा असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा तीसरे स्थान पर रहे। अलगू सिंह ने आगे कहा कि प्रदेश में आने वाली हर विभीषिका में, चाहे वह कानून-व्यवस्था का मामला हो या कोरोना जैसी महामारी का, योगी जी के समर्थ नेतृत्व ने हर चुनौती पर विजय प्राप्त की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज विकास के मामले में, उद्योगपतियों द्वारा प्रदेश में निवेश के मामले में, रोजगार देने के मामले में तथा महंगाई पर नियंत्रण रखने के मामले में भी भारत में नंबर वन पर है। राकेश सिंह अलगू ने सभी की ओर से प्रभु से यही कामना की कि योगी आदित्यनाथ चिरंजीवी एवं सदैव स्वस्थ रहें तथा इसी तरह प्रदेश का नेतृत्व करते रहें।