नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए राजधानी में वाहनों की आवाजाही पर सख्ती बढ़ा दी गई है। प्रदूषण नियंत्रण के लिए आज से दिल्ली में कई नए प्रतिबंध लागू किए जा रहे हैं। इसके तहत दूसरे राज्यों में पंजीकृत गैर-BS6 वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर रोक रहेगी। वहीं, पार्किंग शुल्क भी दोगुना किया जाएगा। नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए निगरानी टीमें तैनात की जा रही हैं।

इन प्रतिबंधों को देखते हुए नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने भी वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। खासकर नोएडा और ग्रेटर नोएडा से दिल्ली जाने वाले लोगों को घर से निकलने से पहले नए नियमों और वैकल्पिक रास्तों की जानकारी रखने की सलाह दी गई है।

गैर-BS6 वाहनों की दिल्ली में नो एंट्री

कार्यालय पुलिस उपायुक्त यातायात, कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की ओर से जारी एडवाइजरी के मुताबिक, दिल्ली में दूसरे राज्यों में पंजीकृत गैर-BS6 वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।

निर्धारित नियमों के तहत BS6 मानक वाले वाहनों के अलावा CNG और इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रवेश की अनुमति होगी। इसके साथ ही यात्री बसों और भारी मालवाहक ट्रकों की आवाजाही पर भी प्रतिबंध लागू रहेंगे।

नोएडा से दिल्ली जाने वालों के लिए वैकल्पिक रास्ते

दिल्ली होकर दूसरे राज्यों की ओर जाने वाले वाहन चालकों को ट्रैफिक पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।

इन वाहनों के लिए नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे और यमुना एक्सप्रेस-वे का विकल्प दिया गया है। वाहन चालक जीरो पॉइंट, परी चौक, कस्बा कासना और सिरसा होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे (EPE) तक पहुंच सकते हैं। यहां से वे अपने गंतव्य की ओर रवाना हो सकेंगे।

इस व्यवस्था का उद्देश्य दिल्ली के भीतर अनावश्यक वाहनों का दबाव कम करना और यातायात को सुचारु बनाए रखना है।

10 साल पुराने डीजल और 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों पर भी सख्ती

प्रदूषण नियंत्रण के तहत गौतमबुद्धनगर में पुराने वाहनों को लेकर भी नियमों का पालन कराया जाएगा। ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तहत 10 साल से अधिक पुराने डीजल और 15 साल से अधिक पुराने पेट्रोल वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लागू रहेगा।

नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। ऐसे वाहनों को जब्त करने के साथ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।

पार्किंग शुल्क होगा दोगुना, निगरानी के लिए टीमें तैनात

प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए दिल्ली में पार्किंग शुल्क भी दोगुना किए जाने की व्यवस्था की गई है। इसके जरिए निजी वाहनों के इस्तेमाल को कम करने और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की कोशिश की जाएगी।

नए नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित विभागों की टीमें निगरानी करेंगी।

वाहन चालकों के लिए जरूरी सलाह: नोएडा, ग्रेटर नोएडा और आसपास के इलाकों से दिल्ली जाने से पहले अपने वाहन का BS मानक जरूर जांच लें। साथ ही यात्रा के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें, ताकि रास्ते में चालान या अन्य परेशानी का सामना न करना पड़े।