भागलपुर: बिहार के भागलपुर स्थित ऐतिहासिक सैंडिस कंपाउंड मैदान में शनिवार को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान जमकर हंगामा हुआ। मगही स्टार रोशन रोही और भोजपुरी अभिनेत्री डिंपल सिंह को देखने के लिए हजारों की संख्या में दर्शक पहुंचे थे। देखते ही देखते भीड़ बेकाबू हो गई और कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हालात संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। घटना में कई दर्शकों के साथ कुछ पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की खबर है।

कलाकारों को देखने की होड़ में बिगड़े हालात

जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम में अपने पसंदीदा कलाकारों की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग सैंडिस कंपाउंड पहुंचे थे। भीड़ बढ़ने के कारण मैदान में अव्यवस्था फैलने लगी। आगे खड़े दर्शकों की वजह से पीछे मौजूद लोगों को मंच दिखाई नहीं दे रहा था।

इसी बात को लेकर दर्शकों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर विवाद बढ़कर गाली-गलौज तक पहुंच गया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और लोगों ने मैदान में रखी प्लास्टिक और लोहे की दर्जनों कुर्सियां तोड़नी शुरू कर दीं। कुछ लोगों ने कुर्सियां उठाकर हवा में उछाल दीं।

पुलिस ने किया लाठीचार्ज, मैदान में मची अफरा-तफरी

भीड़ को नियंत्रित करने में सुरक्षाकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस बल ने मोर्चा संभाला और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया।

पुलिस की कार्रवाई के बाद मैदान में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। कार्यक्रम स्थल पर टूटी हुई कुर्सियां और जूते-चप्पल बिखरे नजर आए। इस दौरान कई लोगों के चोटिल होने की सूचना है।

बिना अनुमति आयोजित हुआ था कार्यक्रम, आयोजक पर FIR की तैयारी

घटना के बाद पुलिस की शुरुआती जांच में एक बड़ा खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि इतने बड़े आयोजन के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से पहले कोई आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई थी।

बिना अनुमति और पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के इतने बड़े कार्यक्रम के आयोजन को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य आयोजक के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।

फिलहाल इस घटना ने सार्वजनिक कार्यक्रमों में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आयोजकों की जिम्मेदारी तय करने की तैयारी में जुटी है।