समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए सभी पदों से दिया इस्तीफा

पटना। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को बड़ा झटका लगा है। लालू प्रसाद यादव के करीबी और पार्टी के प्रमुख ब्राह्मण चेहरे के रूप में पहचान रखने वाले मृत्युंजय तिवारी ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है।

मृत्युंजय तिवारी ने इस्तीफे के बाद पार्टी नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आरजेडी में अब समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ताओं का सम्मान नहीं रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी शिकायतों को प्रदेश नेतृत्व और शीर्ष नेताओं के सामने रखने के बावजूद कोई गंभीरता से सुनवाई नहीं हुई।

तिवारी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी उनकी बातों पर ध्यान नहीं दिया, जिसके कारण उन्हें यह कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने कहा कि अपमानित होकर कोई भी व्यक्ति राजनीति नहीं कर सकता।

उन्होंने अपने पुराने योगदान को याद करते हुए कहा कि लालू प्रसाद यादव ने उन पर भरोसा जताकर उन्हें पार्टी प्रवक्ता और मीडिया प्रभारी जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी थीं, जिनका उन्होंने पूरी निष्ठा से निर्वहन किया और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने का काम किया।

मृत्युंजय तिवारी के इस्तीफे को आरजेडी के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। उनके अगले राजनीतिक कदम पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।