अयोध्या श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ है। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है। उनकी जगह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी और पूर्व आईएफएस अधिकारी कृष्ण मोहन को कार्यवाहक महासचिव नियुक्त किया गया है।

73 वर्षीय कृष्ण मोहन उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के निवासी हैं। वे भारतीय वन सेवा (IFS) के पूर्व अधिकारी रह चुके हैं और वर्तमान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र संघ चालक के रूप में दायित्व निभा रहे हैं।

प्रशासनिक अनुभव और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए उन्हें पिछले वर्ष श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में ट्रस्टी बनाया गया था। अब उन्हें ट्रस्ट के सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कार्यवाहक महासचिव के रूप में कृष्ण मोहन राम मंदिर ट्रस्ट के प्रशासनिक, संगठनात्मक और समन्वय संबंधी कार्यों का संचालन करेंगे। उनकी नियुक्ति को राम मंदिर ट्रस्ट में एक बड़े और महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि कृष्ण मोहन के नेतृत्व में राम मंदिर ट्रस्ट की आगामी योजनाएं और विकास कार्य किस दिशा में आगे बढ़ते हैं।