नागपुर: महाराष्ट्र की नागपुर स्नातक विधान परिषद सीट पर कांग्रेस के अभिजीत वंजारी ने जीत दर्ज कर एक बार फिर अपनी राजनीतिक पकड़ साबित की है। उन्होंने बीजेपी के उम्मीदवार सुधाकर कोहले को हराकर लगातार दूसरी बार इस सीट पर कब्जा बरकरार रखा। दूसरी पसंद के वोटों की गिनती के बाद वंजारी की जीत सुनिश्चित हुई।

इस चुनाव में बीजेपी ने पूरी ताकत झोंक दी थी, लेकिन कांग्रेस उम्मीदवार को जीत से नहीं रोक सकी। जीत के बाद अभिजीत वंजारी ने कहा कि बीजेपी के कई बड़े नेता चुनाव प्रचार और रणनीति के लिए नागपुर में मौजूद थे, इसके बावजूद मतदाताओं ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया। उन्होंने अपनी जीत का श्रेय पार्टी और महाविकास आघाड़ी के कार्यकर्ताओं को दिया।

हर्षवर्धन सपकाल ने बीजेपी पर साधा निशाना

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने इस जीत को बीजेपी के लिए राजनीतिक झटका बताते हुए सोशल मीडिया मंच एक्स पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में महाविकास आघाड़ी ने तीन सीटों पर शानदार जीत दर्ज की है। सपकाल ने नागपुर में कांग्रेस की लगातार दूसरी जीत को महत्वपूर्ण बताते हुए बीजेपी के नेतृत्व पर निशाना साधा।

नागपुर के नतीजों से बढ़ी सियासी हलचल

नागपुर को बीजेपी का मजबूत राजनीतिक गढ़ माना जाता है। यह केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का गृह क्षेत्र भी है। ऐसे में इस सीट पर कांग्रेस की लगातार दूसरी जीत ने महाराष्ट्र की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है।

इस नतीजे को महाविकास आघाड़ी के लिए उत्साह बढ़ाने वाला माना जा रहा है, जबकि बीजेपी के लिए अपने मजबूत क्षेत्रों में चुनावी रणनीति पर विचार करने का संकेत माना जा सकता है।