रामपुर डीएम ने यूनिवर्सिटी प्रबंधन की दलीलें खारिज कीं, 38 भवन बिना नक्शे के पाए गए रामपुर। समाजवादी पार्टी

रामपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान की मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी पर अब ध्वस्तीकरण की कार्रवाई का खतरा मंडरा रहा है। रामपुर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने सुनवाई के बाद यूनिवर्सिटी प्रबंधन की दलीलों को खारिज करते हुए अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए हैं।

रामपुर विकास प्राधिकरण (RDA) की जांच में यूनिवर्सिटी परिसर में बनी 40 इमारतों में से केवल दो भवनों के नक्शे स्वीकृत पाए गए, जबकि 38 भवन बिना स्वीकृत नक्शे के बने मिले हैं। डीएम ने कहा कि नियमानुसार यूनिवर्सिटी संस्था को 15 दिन का समय दिया जाएगा, ताकि वह स्वयं अवैध निर्माण हटा ले। यदि ऐसा नहीं किया गया तो आरडीए नियमानुसार कार्रवाई करते हुए निर्माण को हटाएगा।

डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि जौहर यूनिवर्सिटी सींगनखेड़ा गांव में स्थित है। वर्ष 2024 के बाद यह क्षेत्र रामपुर विकास प्राधिकरण के अधिकार क्षेत्र में आया। इससे पहले यहां जिला पंचायत का अधिकार क्षेत्र था। जांच में सामने आया कि यूनिवर्सिटी के दो भवनों के नक्शे जिला पंचायत से पास कराए गए थे, जिससे यह स्पष्ट होता है कि प्रबंधन को निर्माण संबंधी नियमों की जानकारी थी।

प्रबंधन की दलील नहीं हुई स्वीकार

आरडीए की ओर से 1 जुलाई 2026 को यूनिवर्सिटी को नोटिस जारी कर निर्माण की वैध अनुमति और स्वीकृत नक्शे मांगे गए थे। जवाब में यूनिवर्सिटी प्रशासन ने कहा था कि निर्माण के समय रामपुर विकास प्राधिकरण अस्तित्व में नहीं था, इसलिए नक्शे पास नहीं कराए गए।

डीएम ने इस तर्क को स्वीकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि उस समय जिला पंचायत मौजूद थी और दो भवनों के नक्शे वहीं से स्वीकृत कराए गए थे। ऐसे में अन्य भवनों के लिए अनुमति नहीं लेना नियमों की अनदेखी है।

व्यक्तिगत सुनवाई का भी मिला मौका

डीएम ने बताया कि यूनिवर्सिटी प्रबंधन को अपना पक्ष रखने के लिए व्यक्तिगत सुनवाई का अवसर दिया गया था, लेकिन वह 38 भवनों के निर्माण को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। अब आरडीए अवैध घोषित भवनों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है।

गौरतलब है कि आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम लंबे समय से कानूनी मामलों में घिरे हुए हैं। आजम खान को दो पैन कार्ड मामले में रामपुर की विशेष एमपी-एमएलए अदालत ने सात साल की सजा सुनाई थी, जिसके बाद वह जेल में हैं। उनकी पत्नी तंजीन फातिमा जमानत पर बाहर हैं।