नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर अपने रुख में बड़ा बदलाव दिखाते हुए अब उसकी खुलकर सराहना की है। पिछले वर्ष भारत की अर्थव्यवस्था को 'डेड इकोनॉमी' कहने वाले ट्रंप ने स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले दिए एक साक्षात्कार में कहा कि भारत 7 से 8 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि दर के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है और मजबूत आर्थिक विकास कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि केवल ऊंची ब्याज दरें ही आर्थिक चुनौतियों का समाधान नहीं होतीं और भारत इसका अच्छा उदाहरण है।
ट्रंप का यह बदला हुआ रुख उस समय सामने आया है, जब पिछले वर्ष उन्होंने भारत पर 25 प्रतिशत आधार शुल्क तथा रूस से तेल आयात जारी रखने के कारण अतिरिक्त 25 प्रतिशत शुल्क लगाया था। उस दौरान उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था पर तीखी टिप्पणी की थी, लेकिन शुल्क के बावजूद भारत के अमेरिका को होने वाले निर्यात पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा और भारत ने रूस से तेल खरीदना भी जारी रखा। बाद में अतिरिक्त 25 प्रतिशत शुल्क हटा लिया गया, जबकि अमेरिकी न्यायालय की प्रक्रिया के बाद शुल्क व्यवस्था में भी बदलाव हुआ और आधार शुल्क को घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया।
विशेषज्ञों के अनुसार ट्रंप के बदले हुए तेवर के पीछे भारत-अमेरिका के रणनीतिक और आर्थिक संबंधों का महत्व तथा दोनों देशों के बीच अंतिम चरण में पहुंची व्यापार समझौते की प्रक्रिया प्रमुख कारण मानी जा रही है। ट्रंप के पूर्व बयानों से दोनों देशों के संबंधों में कुछ तनाव जरूर आया था, लेकिन भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ट्रंप के बीच हुई बातचीत तथा भारत में नियुक्त अमेरिकी राजदूत सर्जिओ गोर के प्रयासों से संबंधों में सुधार हुआ है। माना जा रहा है कि इसी बदलते माहौल के बीच ट्रंप ने भारत की आर्थिक मजबूती और विकास दर की सार्वजनिक रूप से प्रशंसा की है।
Comments (0)