तेहरान/वॉशिंगटन: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य टकराव की स्थिति और गंभीर हो गई है। रिपोर्टों के मुताबिक, ईरान की नौसेना द्वारा एक जहाज को निशाना बनाए जाने और होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने के ऐलान के बाद अमेरिका ने ईरान के कई ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई का दावा किया है।
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना ने दावा किया कि एक जहाज ने समुद्री नियमों का उल्लंघन किया और चेतावनी के बावजूद अपना रास्ता नहीं बदला। इसके बाद उसे निशाना बनाया गया। ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को अगली सूचना तक बंद करने की घोषणा की है।
अमेरिका ने दी कड़ी प्रतिक्रिया
ईरान की कार्रवाई के बाद अमेरिका ने जवाबी सैन्य कार्रवाई करते हुए कई ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है। हालांकि इन हमलों में हुए नुकसान और लक्ष्यों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि अमेरिका अपनी सैन्य क्षमता के साथ पूरी तरह तैयार है और जरूरत पड़ने पर कड़े कदम उठाए जा सकते हैं।
तेल आपूर्ति पर मंडराया संकट
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है, जहां से बड़ी मात्रा में कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति होती है। इसके बंद होने की स्थिति में वैश्विक ऊर्जा बाजार पर बड़ा असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि तनाव बढ़ता है तो इसका असर तेल की कीमतों, अंतरराष्ट्रीय व्यापार और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है।
Comments (0)