लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों के बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने आकाश आनंद की भूमिका को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया है। मायावती ने स्पष्ट किया कि उपचुनाव में उम्मीदवारों का अंतिम फैसला वही करेंगी।

मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए सभी सीटों पर उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संभावित उम्मीदवारों के इंटरव्यू लेकर चयन की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

बसपा सुप्रीमो ने आकाश आनंद को लेकर सामने आ रही चर्चाओं को अफवाह करार देते हुए कहा कि उम्मीदवारों के चयन में उनकी भूमिका को लेकर फैलाई जा रही बातों में कोई सच्चाई नहीं है।

मायावती ने कहा कि देश के किसी भी हिस्से में विधानसभा या लोकसभा का उपचुनाव होने पर उम्मीदवार का अंतिम चयन उनके द्वारा ही किया जाता है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की कि वे ऐसी अफवाहों से सावधान रहें।

बताया गया कि अब तक दो दर्जन से अधिक संभावित उम्मीदवारों के इंटरव्यू लिए जा चुके हैं और कई उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिया जा चुका है।

मायावती के इस बयान के बाद आकाश आनंद की भूमिका को लेकर चल रही अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है।