मुंबई: महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और कई जगहों पर हुए भूस्खलन ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मुंबई, पुणे और मुंबई महानगर क्षेत्र के कई इलाकों में हालात गंभीर बने हुए हैं। खराब मौसम को देखते हुए मुंबई यूनिवर्सिटी ने 6 जुलाई को होने वाली सभी परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। इनमें एलएलएम, एमएससी और एम.कॉम की परीक्षाएं शामिल हैं। विश्वविद्यालय ने बताया है कि नई परीक्षा तिथियों की घोषणा जल्द की जाएगी।
भारी बारिश और भूस्खलन का असर परिवहन व्यवस्था पर भी पड़ा है। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और पुराने मुंबई-पुणे हाईवे पर कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण यातायात बाधित हो गया है। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनज़र दोनों दिशाओं में यात्रा से बचने की सलाह दी है और लोगों से केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही सफर करने की अपील की है।
उधर, भोर घाट सेक्शन में कई स्थानों पर भूस्खलन के बाद सेंट्रल रेलवे ने एहतियातन मुंबई और पुणे के बीच ट्रेन सेवाएं अगली सूचना तक निलंबित कर दी हैं। वहीं, खोपोली-कुसगांव के पास एक्सप्रेसवे के टनल नंबर-2 के एग्जिट पर हुए भूस्खलन के कारण पुणे से मुंबई जाने वाले वाहनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है।
लगातार बारिश के चलते ताम्हिणी घाट, मावल क्षेत्र और अन्य संवेदनशील इलाकों में भी सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से मौसम विभाग व प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।
Comments (0)