नोएडा। सेक्टर-66 के मामूरा इलाके में बुधवार दोपहर एक 5 मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा और एक युवती गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्ज हो रही थी। इसी दौरान स्कूटी में जोरदार धमाका हुआ और आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में कई बाइकें भी जलकर खाक हो गईं।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। इमारत में रहने वाले करीब 100 से अधिक परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला जा रहा है। सामने आए वीडियो में लोग दो इमारतों के बीच लगाई गई सीढ़ियों के सहारे दूसरी बिल्डिंग की छत पर जाते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती कार्रवाई में बिल्डिंग मालिक को हिरासत में लिया गया है। घटना भीड़भाड़ वाले मामूरा इलाके में हुई, जहां बड़ी संख्या में नौकरीपेशा लोग अपने परिवारों के साथ रहते हैं।
Comments (0)