बैंकॉक के पब में भीषण अग्निकांड, 27 लोगों की मौत; PM अनुतिन ने जताया दुख, जांच शुरू
बैंकॉक (थाईलैंड)। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में एक पब में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा कर दिया। इस अग्निकांड में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
घटना की सूचना आधी रात के करीब मिली, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा साझा किए गए वीडियो में पब के मुख्य द्वार से आग की तेज लपटें निकलती हुई और आसमान में काला धुआं उठता दिखाई दिया। हादसे के दौरान कई लोग जान बचाने के लिए बाहर निकलने की कोशिश करते नजर आए।
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने घटनास्थल का दौरा कर हादसे पर दुख जताया। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि हादसे में 27 लोगों की मौत हुई है और कई घायलों को अस्पताल भेजा गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल राहत और बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है। प्रशासन ने घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है, ताकि आग लगने की असली वजह का पता लगाया जा सके।
Comments (0)