अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में रविवार को एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से 8 लोगों की झुलसकर मौत हो गई, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महमूदपुरा स्थित 'टैलेंट पटाखा फैक्ट्री' में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री का लाइसेंस पहले ही रद्द किया जा चुका था, इसके बावजूद यहां अवैध रूप से पटाखों का निर्माण किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री का संचालन मेहुल डोडिया नामक व्यक्ति कर रहा था।
हादसे में गंभीर रूप से झुलसी दो बच्चियों को अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। अन्य घायलों का भी विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है।
घटना के संबंध में आगरामोल पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आग लगने के कारणों, सुरक्षा मानकों की अनदेखी और अवैध संचालन के पहलुओं की जांच कर रही है। प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Comments (0)