नई दिल्ली।राम मंदिर चढ़ावे से जुड़े विवाद को लेकर शुक्रवार को संसद परिसर में विपक्षी सांसदों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। सांसद पप्पू यादव संत के वेश में दानपेटी लेकर पहुंचे। इस दौरान विपक्षी सांसदों ने प्रतीकात्मक रूप से दानपेटी में चढ़ावा डाला।

प्रदर्शन के दौरान पप्पू यादव ने दानपेटी से पैसे निकालकर अपनी जेब में रखने का अभिनय किया। इसके बाद विपक्षी सांसदों ने ‘चढ़ावा चोर’ के नारे लगाए। कुछ सांसदों ने प्रतीकात्मक रूप से उन्हें पकड़ने और रोकने का भी अभिनय किया।

बताया गया कि राहुल गांधी ने भी प्रदर्शन में शामिल होकर दानपेटी में चढ़ावा डाला। वहीं, समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने पप्पू यादव को पकड़ने का अभिनय किया।

प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इसको लेकर सत्ता पक्ष की ओर से विरोध भी जताया गया। विश्व हिंदू परिषद ने प्रदर्शन पर आपत्ति जताते हुए कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े विषय को राजनीतिक प्रदर्शन का हिस्सा बनाना लोगों की भावनाओं को आहत कर सकता है।

संसद परिसर में हुए इस प्रतीकात्मक प्रदर्शन ने राम मंदिर चढ़ावे के मुद्दे को एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया है।