गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के वसुंधरा इलाके में गुरुवार सुबह भारी बारिश के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। वसुंधरा स्थित अटल चौक के पास सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे एक टाटा पंच कार और एक स्कूटी गहरे गड्ढे में जा गिरीं। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, हादसे वाली जगह पर निर्माण कार्य चल रहा था, जिसके कारण सड़क के नीचे की मिट्टी पहले से ही कमजोर हो चुकी थी। लगातार हो रही बारिश से मिट्टी खिसक गई और सड़क अचानक धंस गई।
घटना के समय सड़क से गुजर रही टाटा पंच कार और एक स्कूटी सीधे गड्ढे में समा गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनज़र इलाके में कुछ समय के लिए यातायात रोक दिया, ताकि कोई अन्य वाहन दुर्घटना का शिकार न हो।
प्रशासन ने स्थिति का जायजा लेकर सड़क की मरम्मत और सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Comments (0)