सड़क चौड़ीकरण के लिए कमेटी ने खुद हटाना शुरू किया निर्माण, अफवाह फैलने के बाद बिगड़ा माहौल; शहर काजी के घर पर भी हुआ पथराव
उज्जैन। कंठाल से गोपाल मंदिर मार्ग के सड़क चौड़ीकरण को लेकर सोमवार को शाही मस्जिद के पास जमकर हंगामा हुआ। निर्माण का हिस्सा हटाए जाने के दौरान पुलिस पर पथराव किया गया। स्थिति संभालने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करने के साथ आंसू गैस के गोले छोड़े। मामले में पुलिस ने 15 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि कथित तौर पर भ्रामक वीडियो और अफवाह फैलाने के आरोप में पांच सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
मंगलवार सुबह मस्जिद नुमाइंदा कमेटी के सदस्य आपसी सहमति से निर्माण का जरूरी हिस्सा खुद हटाते नजर आए। मार्ग चौड़ीकरण के चलते मस्जिद के नीचे संचालित आठ से दस दुकानों को भी देर रात खाली करा लिया गया।
बुलडोजर से तोड़ने की अफवाह से जुटी भीड़
प्रशासन के मुताबिक, कमेटी शांतिपूर्ण तरीके से निर्माण हटा रही थी, लेकिन सोशल मीडिया पर मस्जिद को बुलडोजर से तोड़े जाने के दावे वाले वीडियो प्रसारित होने लगे। इसके बाद टंकी चौक और अंडा गली क्षेत्र से भीड़ मस्जिद की ओर बढ़ी। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो कुछ लोगों ने पथराव कर दिया।
विवाद के बीच शहर काजी खलीकुरेहमान ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की। इसके बावजूद तेलीवाड़ा मार्ग स्थित उनके घर पर भी पथराव हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया।
पुलिस ने साजिद खान, इमरान खान, गुलरेज खान, बिल्लू पठान और आरिफ पठान के खिलाफ कथित भ्रामक सामग्री प्रसारित करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। वहीं, पथराव के मामले में 15 आरोपितों को गिरफ्तार कर जांच की जा रही है।
कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने लोगों से सोशल मीडिया पर चल रही भ्रामक खबरों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
Comments (0)