मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर सियासी अटकलों का दौर शुरू हो गया है। चर्चा है कि शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी (शरद पवार) बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच नए विकल्पों पर विचार कर रही है। कयास लगाए जा रहे हैं कि कांग्रेस में विलय की संभावना कमजोर पड़ने के बाद पार्टी अब एनडीए के साथ जाने के विकल्प पर भी मंथन कर सकती है। हालांकि पार्टी ने इन सभी अटकलों को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया है।
सूत्रों के अनुसार, एनसीपी (शरद पवार) की ओर से कांग्रेस में विलय का प्रस्ताव दो बार रखा गया था। बताया जाता है कि इस मुद्दे पर सोनिया गांधी ने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से चर्चा करने का सुझाव दिया था। इसके बाद कांग्रेस नेतृत्व ने महाराष्ट्र प्रदेश इकाई की राय जाननी चाही।
बताया जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस के अधिकांश नेताओं ने विलय के प्रस्ताव का विरोध किया, जिसके बाद इस संभावना को फिलहाल ठंडे बस्ते में माना जा रहा है। इसी बीच एनडीए के साथ संभावित राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। हालांकि एनसीपी (शरद पवार) ने स्पष्ट किया है कि पार्टी के एनडीए में शामिल होने की खबरें महज अफवाह हैं और ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
Comments (0)