होर्मुज स्ट्रेट पर ट्रंप का बड़ा बयान, बोले- सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाएंगे तो मिलना चाहिए कंपनसेशन
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को लेकर बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग का नियंत्रण अपने हाथ में ले सकता है और इसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के बदले उसे आर्थिक कंपनसेशन मिलना चाहिए।
मिसाइल हमलों के बाद बढ़ा तनाव
अमेरिका और ईरान के बीच हालिया मिसाइल हमलों के बाद तनाव चरम पर पहुंच गया है। ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने के दावे के बाद वैश्विक तेल बाजार में हलचल मच गई है। दुनिया के बड़े तेल व्यापार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा इसी मार्ग से होकर गुजरता है, ऐसे में इसके प्रभावित होने से कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव बढ़ गया है।
ट्रंप बोले- हम बनेंगे जलमार्ग के ‘रक्षक’
फॉक्स न्यूज के कार्यक्रम ‘फॉक्स एंड फ्रेंड्स’ में बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि अमेरिका इस जलमार्ग की सुरक्षा की जिम्मेदारी उठा सकता है। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका इस रास्ते की रक्षा करता है तो इसके लिए उसे भुगतान मिलना चाहिए।
ट्रंप ने कहा, “हम इस जलमार्ग को अपने पास रखेंगे और संभव है कि इसे संचालित भी करें। हम इसके रक्षक बन जाएंगे। इसके लिए हमें पैसे मिलने चाहिए।”
अमीर देशों से मांगा आर्थिक योगदान
ट्रंप ने कहा कि दुनिया के वे देश जो इस समुद्री मार्ग से व्यापारिक लाभ उठाते हैं और अमेरिका के सहयोगी हैं, उन्हें इसकी सुरक्षा के लिए आर्थिक योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अमेरिका से यह उम्मीद नहीं की जा सकती कि वह बिना किसी मुआवजे के इतनी बड़ी जिम्मेदारी निभाता रहे।
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे रणनीतिक समुद्री मार्गों में से एक है, जहां किसी भी तरह का व्यवधान वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय बाजारों को प्रभावित कर सकता है।
Comments (0)