केरल।वायनाड जिले में मंगलवार को हुई भीषण लैंडस्लाइड में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ से अधिक लोगों के लापता होने की सूचना है। हादसा कल्लाडी स्थित मीनाक्षी ब्रिज के पास मलप्पुरम–वायनाड टनल निर्माण स्थल के सामने हुआ, जहां भारी मात्रा में मिट्टी का ढेर जमा था।
घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें तेज बारिश के बीच अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा नीचे आता दिखाई देता है। मलबे का तेज बहाव देखकर लोग जान बचाने के लिए भागते नजर आए, लेकिन कई लोग इसकी चपेट में आ गए। कई वाहन भी मलबे के साथ बह गए।
वीडियो में एक टैंकर भी मलबे के तेज बहाव में तिनके की तरह करीब 200 फीट तक बहता दिखाई देता है। टैंकर वहां मौजूद एक महिला और पुरुष से कुछ ही फीट की दूरी पर जाकर रुका, जिससे दोनों की जान बाल-बाल बच गई।
हादसे के बाद कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है और फंसे लोगों की तलाश की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण सोमवार से ही सुरंग निर्माण का कार्य एहतियातन रोक दिया गया था। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और बचाव अभियान जारी है।
Comments (0)