प्रयागराज। राष्ट्रभक्ति, उत्साह एवं उल्लास के वातावरण में आर ए मॉडर्न पब्लिक स्कूल उपरौरा लोहारी, सिरसा, मेजा, प्रयागराज में स्वतंत्रता दिवस समारोह भव्य एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। समारोह में मुख्य अतिथि राधे कृष्ण द्विवेदी तथा विशिष्ट अतिथि चंद्रबली सिंह यादव, डॉ. मुकेश यादव, प्रवीण कुमार पांडे, विजय बहादुर यादव एवं बाबू साहब यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण, कविता एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और भारत माता की जय के जयघोष से गूंज उठा।
समारोह में विद्यालय के प्रबंधक रमेश चंद्र यादव, डायरेक्टर एडवोकेट आशुतोष यादव, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्टाफ सहित बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को नमन करते हुए विद्यार्थियों को देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने, अनुशासन का पालन करने तथा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के डायरेक्टर एडवोकेट आशुतोष यादव ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और कर्तव्य का भी नाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की एकता, अखंडता एवं गौरव को बनाए रखने में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
अंत में भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ समारोह का समापन हुआ। स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने वाला रहा।
Comments (0)