प्रयागराज। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को प्रयागराज पहुंचे। यहां केपी मैदान में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में उन्होंने प्रतियोगी छात्रों और युवाओं से संवाद किया। इस दौरान राहुल गांधी ने रोजगार, शिक्षा, मैन्यूफैक्चरिंग, नोटबंदी, जीएसटी और देश की संस्थाओं को लेकर केंद्र सरकार पर तीखे आरोप लगाए। राहुल गांधी करीब डेढ़ बजे विशेष विमान से प्रयागराज पहुंचे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह अपने पैतृक निवास स्वराज भवन पहुंचे। शाम करीब सात बजे राहुल गांधी केपी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मंच पर पहुंचे और मौजूद लोगों का अभिवादन किया।
‘पढ़ाई के बाद भी रोजगार के रास्ते बंद’
छात्रों से संवाद के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि युवा पढ़ाई करते हैं और परिवार उनकी शिक्षा पर पैसा खर्च करता है, लेकिन पढ़ाई पूरी करने के बाद रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि देश में मैन्यूफैक्चरिंग के क्षेत्र में रोजगार के रास्ते बंद होते जा रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि दुनिया में ‘मेड इन चाइना’ और ‘मेड इन वियतनाम’ दिखाई देता है, लेकिन ‘मेड इन इंडिया’ उतना नजर नहीं आता। उन्होंने आरोप लगाया कि नोटबंदी और जीएसटी ने सिस्टम को प्रभावित किया है, जिसका असर रोजगार और कारोबार पर पड़ा है।
मोदी, शाह और अडानी पर राहुल का सीधा हमला
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उद्योगपति गौतम अडानी का नाम लेते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि इन लोगों की नीतियों और प्रभाव के कारण देश में रोजगार के अवसर कम हुए हैं। राहुल गांधी ने राजनीतिक व्यवस्था और देश की संस्थाओं को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश की संस्थाओं में एक खास विचारधारा के लोगों के प्रभाव को बढ़ाया जा रहा है। हालांकि, ये सभी आरोप राहुल गांधी के राजनीतिक बयान का हिस्सा हैं।
‘देश के नवरत्नों को बेच दिया’
राहुल गांधी ने सरकारी कंपनियों और एयरपोर्ट को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के नवरत्नों को बेचा गया और एयरपोर्ट अडानी को दिए गए। उन्होंने कहा कि आज देश में डेटा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की भूमिका लगातार बढ़ रही है। राहुल गांधी ने दावा किया कि लोगों के डेटा का इस्तेमाल हो रहा है, लेकिन इसका लाभ आम जनता को पर्याप्त रूप से नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा, “डेटा आपका, दर्द आपका, दौलत इनकी है।”
प्रतियोगी छात्रों ने उठाई भर्ती और परीक्षा की समस्याएं
कार्यक्रम में कई प्रतियोगी छात्रों ने अपनी समस्याएं राहुल गांधी के सामने रखीं। एक यूपीपीएससी प्रतियोगी छात्र ने परीक्षा में नॉर्मलाइजेशन का मुद्दा उठाया। वहीं एक छात्र ने शिक्षक भर्ती से जुड़ी समस्या बताते हुए कहा कि उसने वर्ष 2018 में भर्ती के लिए आवेदन किया था और लंबे समय से इसकी तैयारी कर रहा है, लेकिन अब तक नियुक्ति नहीं हो सकी। छात्रों ने आरोप लगाया कि पद खाली होने के बावजूद समय पर भर्तियां नहीं हो रही हैं। यूपी ट्रिपलएससी की लंबित भर्तियों का मुद्दा भी कार्यक्रम में उठाया गया।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय की लाइब्रेरी का मुद्दा भी उठा
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के विधि संकाय के एक छात्र ने विश्वविद्यालय की लाइब्रेरी से जुड़ी समस्याएं राहुल गांधी के सामने रखीं। छात्र ने आरोप लगाया कि बारिश के दौरान लाइब्रेरी में पानी भर जाता है और किताबों की उपलब्धता भी एक बड़ी समस्या है। छात्र ने विश्वविद्यालय में विरोध करने पर कार्रवाई किए जाने के आरोप भी लगाए।
युवाओं से बोले- ‘आप भारत की शक्ति हैं’
राहुल गांधी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा भारत की शक्ति और देश की शान हैं। उन्होंने कहा कि वह केवल कार्यक्रम में मौजूद भीड़ की बात नहीं कर रहे हैं, बल्कि भारत के युवाओं की बात कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से प्रेम और भाईचारे के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। राहुल गांधी ने कहा कि युवाओं को ‘मोहब्बत की दुकान’ खोलनी है और प्यार के साथ अपनी लड़ाई लड़नी है।
बारिश से कार्यक्रम स्थल पर परेशानी
राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले प्रयागराज में हुई बारिश के कारण केपी मैदान और वहां पहुंचने वाले मार्ग पर जलजमाव और कीचड़ की स्थिति बन गई। कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले मुख्य रास्ते पर कीचड़ होने के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग और छात्र पहुंचे।
यूपी की राजनीति के लिहाज से अहम रहा कार्यक्रम
राहुल गांधी का प्रयागराज दौरा ऐसे समय हुआ है जब उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज हो रही हैं। प्रयागराज में छात्रों और युवाओं के बीच संवाद के जरिए कांग्रेस ने रोजगार, भर्ती और शिक्षा जैसे मुद्दों को केंद्र में रखा। राहुल गांधी के बयान से साफ है कि कांग्रेस आने वाले समय में युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति पर जोर दे रही है।
Comments (0)