राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से दिखाएंगे हरी झंडी, 10 राज्यों के 193 जिलों और 1,159 गांवों तक पहुंचेगी यात्रा

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से गुरुवार को वाराणसी से गुजरात के वडनगर तक ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ का शुभारंभ किया जाएगा। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे। यात्रा के शुभारंभ से पहले सेवा यात्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर गंगाजल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे। इस दौरान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी द्वारा महारुद्राभिषेक भी किया जाएगा। धार्मिक अनुष्ठान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ जीवन और दीर्घायु की कामना की जाएगी।

भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि 17 सितंबर को पूर्वाह्न 10 बजे 51 सेवा यात्री ललिता घाट पहुंचेंगे। यहां गंगाजल भरने के बाद डमरू दल और शंखनाद के बीच वे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर जाएंगे। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत वाराणसी से वडनगर तक की 22 दिवसीय बाइक यात्रा शुरू होगी।

रुद्राक्ष में प्रदर्शनी और संबोधन

रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में दोपहर 12 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का अतिथिगण अवलोकन करेंगे। इसके बाद सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया जाएगा। इसी कार्यक्रम के दौरान राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ को वडनगर के लिए रवाना करेंगे।

प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं वाराणसी के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर की शाम पूरे प्रदेश में एक साथ प्रत्येक बूथ पर 200 दीप जलाने का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम के राष्ट्रीय संयोजक एवं सांसद वी.डी. शर्मा ने कहा कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़ना और समाज के प्रति उनके दायित्व की भावना को मजबूत करना है।

10 राज्यों, 193 जिलों और 1,159 गांवों तक पहुंचेगी यात्रा

भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया के अनुसार, काशी से वडनगर और वडनगर से काशी तक चलने वाली यह यात्रा उत्तर प्रदेश के 50 जिलों, 88 रात्रि विश्राम स्थलों और 187 पड़ावों से होकर गुजरेगी। काशी से 500 सेवा यात्री 10 अलग-अलग मार्गों से बाइक पर वडनगर के लिए रवाना होंगे।

भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी ने बताया कि देश के विभिन्न हिस्सों से युवा सेवा यात्री इस अभियान में शामिल होंगे। विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों की भागीदारी के माध्यम से यात्रा में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।

दोनों दिशाओं में संचालित होने वाली यह यात्रा 10 राज्यों, 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1,159 गांवों तक पहुंचेगी। यात्रा के दौरान प्रत्येक पड़ाव को सामाजिक सरोकारों और सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।