हादसे में बाल-बाल बचा मालवाहक वाहन, ग्रामीणों ने घटिया निर्माण सामग्री के लगाए आरोप
मेजा , प्रयागराज। मेजा क्षेत्र के उरुवा ब्लॉक क्षेत्र के ऊंचडीह बाजार तिराहे पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नाली के कमजोर ढक्कन में एक मालवाहक बोलेरो पिकअप का पहिया धंस गया। अचानक हुए इस हादसे में वाहन नाली में फंस गया। गनीमत रही कि घटना के दौरान कोई राहगीर या वाहन चालक इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार ऊंचडीह बाजार तिराहे पर कुछ महीने पहले ही नाली का निर्माण कराया गया था। निर्माण के बाद से ही नाली के ऊपर लगाए गए ढक्कनों की मजबूती को लेकर सवाल उठते रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि करीब दस दिन पहले तिराहे पर लगा नाली का ढक्कन टूट गया था। इसके बाद समस्या का स्थायी समाधान करने के बजाय अस्थायी तौर पर दूसरा ढक्कन लगा दिया गया।
शुक्रवार को इसी कमजोर ढक्कन से होकर मालवाहक बोलेरो पिकअप गुजर रही थी। वाहन का भार पड़ते ही ढक्कन टूट गया और वाहन का पहिया नाली में जा फंसा। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह स्थिति को संभाला और वाहन को नाली से बाहर निकालने का प्रयास किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि नाली निर्माण में लगाए गए ढक्कनों की गुणवत्ता और मजबूती पर्याप्त नहीं है। उनका कहना है कि भारी वाहनों के आवागमन वाले तिराहे पर मजबूत ढक्कन लगाए जाने चाहिए थे, लेकिन कमजोर ढक्कन लगाए जाने से लगातार खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते ढक्कन को मजबूत नहीं किया गया तो भविष्य में किसी राहगीर या दोपहिया वाहन चालक के साथ गंभीर हादसा हो सकता है।
मामले को लेकर जब पीडब्ल्यूडी के मेठ हरिलाल प्रजापति से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि नाली के ढक्कन टूटने की जानकारी संबंधित जेई संजय तिवारी को दी जाएगी। उन्होंने जल्द ही मजबूत नया ढक्कन बनवाने का प्रयास किए जाने की बात कही।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि तिराहे पर नाली के सभी ढक्कनों की जांच कराकर कमजोर ढक्कनों को तत्काल बदलवाया जाए, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को संभावित दुर्घटना से बचाया जा सके।
Comments (0)