मेजा, प्रयागराज। सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को राजकीय समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय गेदुराही, मेजा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (आरबीएसके) मेजा की चिकित्सकीय टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया। शिविर में विद्यालय के 79 दिव्यांग एवं सामान्य छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच की गई। चिकित्सकों ने छात्रों को मौसमी बीमारियों से बचाव, स्वच्छता और खानपान के प्रति जागरूक किया।

चिकित्सकीय टीम ने छात्रों में वायरल बुखार, मौसमी वायरस से होने वाली बीमारियों तथा डायरिया आदि से संबंधित लक्षणों की जांच की। साथ ही साफ-सफाई रखने, हाथों को नियमित रूप से धोने, स्वच्छ पानी पीने और ताजा एवं पौष्टिक भोजन करने की सलाह दी गई। चिकित्सकों ने बदलते मौसम में स्वास्थ्य के प्रति विशेष सावधानी बरतने के लिए भी छात्रों को जागरूक किया।

शिविर में मूक-बधिर एवं दृष्टिबाधित दिव्यांग छात्र-छात्राओं सहित अंजनी दुबे, दिव्यांश, श्रेयांश, शनि कुमार, रेशमा बानो, ऋषिराज, आकांक्षा, उपासना, सुमित, सत्यम, सौम्या, समर, विमलेश, प्रतिभा, रिया, किशन पांडेय, अमित, राज, बंटी समेत अन्य छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के बाद जरूरत के अनुसार छात्रों को निशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं। कुछ छात्रों को मलहम, आयरन, फोलिक एसिड सहित अन्य आवश्यक दवाएं वितरित की गईं।

विद्यालय की कक्षा-10 की छात्रा रबीना कुमारी के कान में परेशानी पाए जाने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल, प्रयागराज रेफर किया। चिकित्सकों ने परिजनों एवं विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया।

स्वास्थ्य परीक्षण करने वाली टीम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेजा के चिकित्सक डॉ. देवेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. आयशा फातिमा और डॉ. दिनेश पासवान के साथ कविता प्रजापति, स्टाफ नर्स दीपशिखा शुक्ला सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। टीम ने छात्रों की जांच के साथ उन्हें स्वस्थ जीवनशैली और मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए।

इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार, शिक्षिका अनिता सरन, ऋषभ मिश्रा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा और स्वास्थ्य परीक्षण टीम को आवश्यक सहयोग प्रदान किया। प्रधानाचार्य ने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर दिव्यांग एवं अन्य विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी के लिए उपयोगी हैं। अभियान के तहत छात्रों को समय-समय पर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।