वाराणसी। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर चैतन्य योग सेवा संस्था के तत्वावधान में गंगा तट पर भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंगलाचरण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधकों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मुख्य अतिथि अजय द्विवेदी, आईएएस प्रवीन प्रकाश और अमर मणि त्रिपाठी सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। वक्ताओं ने योग को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का सशक्त माध्यम बताते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो आज विश्व को स्वस्थ, सकारात्मक और संतुलित जीवन की दिशा प्रदान कर रही है। इस अवसर पर संस्था के कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कई सदस्यों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास और तनावमुक्त, सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। संस्था के सचिव आशीष टंडन ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Comments (0)