वाराणसी। रोटरी क्लब ऑफ वाराणसी उदय की क्लब बैठक में बोर्ड सदस्यों ने सर्वसम्मति से आगामी सत्र 2027–28 के लिए रोटेरियन प्रिया मिश्रा को अध्यक्ष एवं रोटेरियन सरोज शुक्ला को सचिव चुना। आगामी सत्र की पूरी कार्यकारिणी में मातृशक्तियाँ दायित्व सँभालेंगी। यह पहल महिलाओं को समाजसेवा और संगठनात्मक नेतृत्व में समान अवसर प्रदान करने की दिशा में सराहनीय कदम है।

रोटरी क्लब ऑफ वाराणसी उदय की स्थापना सत्र 2018–19 में हुई थी। इसके संस्थापक एवं चार्टर अध्यक्ष पूज्य श्री श्री 1008 डॉ. सचिन्द्र नाथ महाराज जी के नेतृत्व में क्लब ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जनसेवा के अनेक प्रकल्प संचालित किए। इनमें प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत प्लास्टिक रीसाइक्लिंग, गंगा सफाई अभियान, अस्सी घाट पर माँ गंगा आरती, गंगा प्राकट्य उत्सव, ‘नर सेवा नारायण सेवा’ तथा रोटरी की सार्वजनिक छवि और सेवा संदेश को जनमानस तक पहुँचाने वाली रोटरी यात्रा सहित दर्जनों सेवा गतिविधियाँ शामिल रहीं।

आगामी सत्र में यह टीम रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3120 के गवर्नर रोटेरियन दिनेश गर्ग के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में कार्य करेगी। अपने मिलनसार स्वभाव, सहयोगी दृष्टिकोण और सेवाओं के प्रति समर्पण के लिए सम्मानित दिनेश गर्ग के मार्गदर्शन में नई कार्यकारिणी से उत्कृष्ट सेवा कार्यों की अपेक्षा है। उनका प्रोत्साहन टीम को सामूहिक सहभागिता और उत्साह के साथ जनहित के प्रकल्प आगे बढ़ाने में बल देगा।

प्रिया मिश्रा एवं सरोज शुक्ला के चयन से पूरे उदय परिवार में उत्साह है। मातृशक्तियों के नेतृत्व वाली कार्यकारिणी उनकी प्रतिभा, संवेदनशीलता और संगठनात्मक क्षमता को अवसर देते हुए शिक्षा, पर्यावरण, महिला सशक्तीकरण तथा जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में क्लब की सेवा परंपरा को आगे बढ़ाएगी। क्लब में पूर्व अध्यक्ष विजय त्रिपाठी, राहुल सिंह, संजय उपाध्याय, राजेश गुप्ता, संतोष द्विवेदी, मुकेश खत्री, अनंत कुमार पांडेय आदि रोटेरियन की उपस्थिति रही।

पूज्य महाराज जी ने नई टीम को शुभकामनाएँ देते हुए सभी सदस्यों से सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने मातृशक्तियों को पूरे आत्मविश्वास, ऊर्जा और समर्पण के साथ आगे बढ़ने तथा प्रत्येक सदस्य को साथ जोड़कर सेवा संकल्पों को सार्थक कार्यों में बदलने के लिए प्रेरित किया।