अशोकनगर: मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के चंदेरी क्षेत्र के विक्रमपुर गांव में गणेश चतुर्थी के दिन एक दर्दनाक हादसे से मातम पसर गया। खेत की ओर गए एक ही परिवार के चार सगे भाइयों की कुएं में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान बलवीर कुशवाहा के बेटों देव (9), त्रिवेद (7), महादेव (6) और प्रियांश (4) के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। चारों बच्चों के शवों को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्कूल के बाद खेत की ओर गए थे बच्चे
जानकारी के अनुसार, चंदेरी के चींटिया मोहल्ले में रहने वाले बलवीर कुशवाहा के चारों बच्चे स्कूल के बाद खेतों की ओर गए थे। आशंका जताई जा रही है कि कुएं में झांकते समय एक बच्चा फिसलकर गिर गया। उसे बचाने के प्रयास में अन्य तीन भाई भी एक-एक कर गहरे पानी में डूब गए।
हादसे के समय बच्चों के पिता मजदूरी करने गए थे, जबकि उनकी मां मायके में थीं। दोपहर में कुएं से बच्चों के शव मिलने की खबर के बाद परिवार और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई।
काफी देर तक घर नहीं लौटे तो शुरू हुई तलाश
पुलिस के मुताबिक, चारों बच्चे अपनी दादी के साथ रहते थे। बच्चों के पिता मजदूरी करते हैं, जबकि उनकी मां कुछ समय से मायके में रह रही हैं।
बताया गया कि चारों बच्चे सोमवार सुबह घर से निकले थे। जब वे काफी देर तक वापस नहीं लौटे, तो दादी ने ग्रामीणों की मदद से उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान एक ग्रामीण ने खेतों के पास स्थित कुएं में एक बच्चे का शव देखा, जिसके बाद पूरे हादसे का पता चला।
ग्रामीणों के अनुसार, परिवार का कुएं के पास एक पुराना घर भी है, जहां बच्चे अक्सर अपनी दादी के साथ जाते थे। आशंका है कि हादसे के दिन भी वे खेलते-खेलते वहां पहुंच गए होंगे।
प्रशासन ने जताई संवेदना
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है और शासन की ओर से नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया है।
एक साथ चार मासूमों की मौत से विक्रमपुर गांव और आसपास का क्षेत्र गहरे शोक में है।
Comments (0)