नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने राजधानी के लोगों और देशभर के कारीगरों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दो महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पीतमपुरा में पुराने दिल्ली हाट की जगह नया ‘यूनिटी मॉल’ विकसित करने की योजना की जानकारी दी है। इस परियोजना पर करीब 200 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। मॉल का निर्माण दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (DTTDC) की ओर से किया जाएगा।
‘एक जिला, एक उत्पाद’ योजना को मिलेगा बढ़ावा
प्रस्तावित यूनिटी मॉल केंद्र सरकार की ‘एक जिला, एक उत्पाद’ (ODOP) पहल को बढ़ावा देगा। इसका उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, कला, संस्कृति और पारंपरिक खान-पान को एक ही स्थान पर लोगों तक पहुंचाना है।
इससे स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने और बाजार उपलब्ध कराने का अवसर मिलने की उम्मीद है।
36 स्टॉल और बड़ा फूड कोर्ट
अधिकारियों के अनुसार, यूनिटी मॉल में कुल 36 स्टॉल बनाए जाएंगे। इन स्टॉलों पर अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रमुख उत्पादों और हस्तशिल्प को प्रदर्शित किया जाएगा।
इसके अलावा, मॉल में एक बड़ा फूड कोर्ट भी प्रस्तावित है, जहां लोगों को देश के विभिन्न हिस्सों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लेने का अवसर मिलेगा।
परिवार के साथ घूमने का नया आकर्षण
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यूनिटी मॉल परिवारों के लिए घूमने-फिरने और देश की विविध संस्कृतियों को करीब से जानने का आकर्षण केंद्र बन सकता है। पुराने दिल्ली हाट को नए रूप में विकसित किए जाने से शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र को भी एक नई सुविधा मिलने की उम्मीद है।
अधिकारियों के मुताबिक, यूनिटी मॉल के निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया पहले ही शुरू की जा चुकी है।
दिल्ली में बनेंगे 500 आधुनिक सार्वजनिक शौचालय
यूनिटी मॉल के साथ ही दिल्ली सरकार ने राजधानी में 500 आधुनिक सार्वजनिक शौचालय ब्लॉक बनाने की योजना भी घोषित की है। इस परियोजना पर करीब 266.26 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
सरकार के अनुसार, इन शौचालयों का निर्माण पर्यटन स्थलों, विरासत क्षेत्रों, बाजारों, प्रमुख सड़कों और उन स्थानों पर किया जाएगा, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक पहुंचते हैं।
इस पहल का उद्देश्य राजधानी में सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाना और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना है।
Comments (0)